Monday, 14 October 2019

दीपक


          दीपक
    दीपक तल में तम आश्रित कर,
             जग  में उजयारे को बाँटो,
   प्रेम और सदभाव ज्योति में,
            घृणा, द्वैष को ही तो छांटो l
  तिल तिल कर तुम जलते रहते,
            किन्तु धरा को करो प्रकाशित,
  बिना भेद  के पियो अँधेरा,
            और  सदा  रहते  अनुशाषित l
      ==============
“तमसो मा ज्योर्तिमय” जग हो,
            इसको ही तो गाते रहते,
बाधायें  हों  पार पन्थ  की,
            इसको  ही  दुहराते रहते l
मूल भावना यह प्रकाश हो.
            जैसे भी जग हो आलोकित l
क्या होता उत्सर्ग व्यर्थ,जब
                
            सदा रहो तुम ही अनुपालित l
          ============
  साहस,शौर्य देखतें हैं जब,
            शीत वायु के लगें थपेड़े,
  अडिग और द्दढता  के बल पर,
             नई रोशनी सदा बिखेरे l
  संकल्प शक्ति,उद्देश्य और,-
        विश्वास सभी तुमसे परिभाषित,
  जलते रहना काम तुम्हारा,
          इसमें ही सच्चा समाज हित l
          ===========
  अग्नि रूप, उर्जा उत्प्रेरक,
           गतिमय हो ऐसा आकर्षण,
  दिव्य ज्योति तुमसे आलोकित,
           भूले,भटकों का पथ दर्शन l
  सदा ऊर्धगामी ही रहना,
            सब हो जायेंगे आकर्षित,
उन्नति पथ पर बढो सदा तुम,
             इसको ही करते हो इंगित l


Saturday, 12 October 2019

परोपकार


परोपकार हो बस जीवन में, समझूंगा मैं महा दान है,
धन दौलत तो नहीं रही है,सबका रक्खा सदा मान है,
कवि तो फटे हाल  रहता है, केवल भाव विचार साथ हैं,
फिर भी मेरे पास बचा है,बस वह केवल स्वाभिमान है |

Wednesday, 9 October 2019

सेवा भाव, साहस,


               सेवा भाव समर्पण  ही बस, मानव की पहिचान है,
              जिसको है सन्तोष हृदय में, सच में वह धनवान है l
              यों तो मरते,और जन्मते,जो भी आया यहाँ धरा पर,
       करता  जो उपकार सदा  ही, पाता  वह सम्मान है l
      
       बनो कर्मठ, यही  तो सब बताते हैं,
बढ़े साहस, यही  गुरुजन सिखाते हैं l
वक्त पर जिनका नहीं बहता पसीना,
मानिये  वे  सदा,  आँसू  बहाते  हैं  l                                                                                                                                              


Wednesday, 2 October 2019

राष्ट्रपिता बापू को श्रद्धांजलि


एक प्रश्न जाग्रत था मन में,
मानव क्या जिन्दा रहता,
मर कर भी इस जग में ?
रुक जाती है साँस, हृदय स्पन्दन रुकता,
लेकिन कुछ के वाणी के स्वर,
गूँज रहे रग रग में।
मेरा कुछ ऐसा विचार है,
मानव के ही कर्म ओर गुण जिन्दा रहते,
मिट्टी की यह देह मरे, मर जाये तो क्या?
जग के सम्मुख, वाणी के स्वर ,
मानवता जिन्दा रहती है।
जब तक हममें,
सत्य अहिंसा, क्षमा, दया का भाव,
धरा पर धर्म कहाये
विश्व बन्धु का पाठ,परस्पर प्रीति बढा कर,
सुख समृद्धि शान्ति हित जीवन,
सन्तत ऐसी फसल उगाये।
हिन्दू, मुसलमान, ईसाई,
हरिजन को भी गले लगा कर,
कहें परस्पर भाई भाई।
ऐसे स्वस्थ विचार अगर जीवित हैं मन में,
तो गाँन्धी जिन्दा हैं मानो
हम सबके ही तन में।
इसीलिये तो शायद गाँधी नहीं मरे हैं,
नहीं मरेंगे।
युग युग तक उनके चरणों में ,
जाने कितने शीष झुकेंगे।

Saturday, 21 September 2019

shiksha


       बनो कर्मठ, यही  तो सब बताते हैं,
बढ़े साहस, यही  गुरुजन सिखाते हैं l
वक्त पर जिनका नहीं बहता पसीना,
मानिये  वे  सदा,  आँसू  बहाते  हैं  l                                                                                                                                              


Friday, 20 September 2019

मानव की पहिचान्


सेवा भाव समर्पण  ही बस, मानव की पहिचान है,
जिसको है सन्तोष हृदय में, सच में वह धनवान है l
यों तो मरते,और जन्मते,जो भी आया यहाँ धरा पर,
करता  जो उपकार सदा  ही, पाता  वह सम्मान है l


Saturday, 7 September 2019

इसरो के वैज्ञानिकों के प्रति,


                 जब प्रताड़ित  हो  कभी  संघर्ष  में,
                 या  निराशा  हो  खड़ी  उत्कर्ष  में,
                 हर विफलता से न विचलित हो कभी,
                 तो  सफलता  भी  मिले अपकर्ष में |
                                 डा० हरिमोहन गुप्त 

Wednesday, 28 August 2019

सामयिक दोहे,


 (सामयिक दोहे,)
आज चाँद पर जा रहा, भारत निर्मित यान,  (सावन के पहिले सोमवार को )
अब तलाक अपराध है, महिलाओं की शान |  (सावन के दूसरे सोमवार को )
धारा  सत्तर तीन सौ, लुप्त  हुई  पहिचान,   (सावन के तीसरे सोमवार को )
सभी कार्य होते सफल, इच्छा शक्ति प्रधान | 
                काशमीर की  देख  लो, बदलेगी  तस्वीर,
                जो  दुहरा क़ानून  था,  टूटेगी   जंजीर |
सब लगाय उद्योग अब, मिले वहां पर काम,
धरती का यह  स्वर्ग है, मिले तभी  आराम |
                वहाँ जांयगे घूमने, इधर उधर से लोग,
                सैर सपाटा कर सकें, जुड़े पुन: संयोग |
पूरे  भारत  वर्ष  में,  होगा  एक  विधान,
कोई जा कर बस सके, सफल रहे अभियान |
   

जो करते हैं युग परिवर्तन

जिसमें साहस, धैर्य, शौर्य हो, नहीं किसी से वे डरते हैं,
आगे की जो सोचा करते, सही समझ कर पग धरते हैं |
कवि, सपूत, अरु सिंह सदा ही लिक छोड़ आगे चलते हैं,
जो करते  हैं  युग परिवर्तन, नई  राह  पर  वे  बढ़ते हैं |

डॉ. हरिमोहन गुप्त 

Monday, 5 August 2019

मैं क्या लिखता राम लिखाता,


मैं क्या लिखता,राम लिखाता,वही स्वयम लिख जाता l
उर  में  वह  ही भाव जगाता, श्रेय मुझे मिल जाता l
           मैं  भजता  हूँ  राम नाम को, बस  उससे है  नाता,
           अगर अँधेरा  पाता  मग  में, वह  ही  राह दिखाता l
मेरा  जीवन राम भजन  में,  सच  मानो कट जाता,
क्या लेना इस लौकिक जग से,दुख में भी सुख पाता l
           सब आडम्बर छोड़ जगत के, मन  को  यह समझाता.
           जीवन धन्य  मानता  मैं  हूँ, बस  उसके  गुण गाता l
निराकार  है, निरालम्ब  है, वही  ऐक  है  ज्ञाता,
जितना उसे चलाना मुझको, उतने पग  धर पाता  l
           ऊँगली  मेरी  कर  में  पकड़े, वह  ही  भाग्य विधाता,
           लोभ, मोह  का  चक्कर छोड़ो, क्यों  मन  को भरमाता ?
जीवन थोड़ा, पल दो पल का, क्यों कुभाव उपजाता ?
जो भी आश्रित उस पर रहता, नहीं कभी  दुख पाता l
           मुझको  को  तो  सन्तोष  यही  है, मेरा  उससे  नाता,
           दान पुण्य  मैं  नहीं  जानता, मन  में  सुख  उपजाता l
अन्त समय में सच मानो तुम,सबका भाग्य विधाता,
भव सागर  में  नाव फंसी  तो, वह ही पार लगाता l      

Tuesday, 30 July 2019

बसंत


 प्रिय,
     बसन्त त्योहार, भेजता तुमको पाती,
     लहराती गेहूँ की बालें,
     फूले सरसों के ये खेत, ,मुझको आज याद हो आती।
     इन्हें देख हर्षित होता मन,
     ये प्रतीक होते हैं सुख के,
     मौन प्रदर्शन करते हैं जो,
     मीठे फल होते मेहनत के।

     ये सन्देश दे रहे जग को,
     शान्ति एकता मेहनत से ही,
     सुख समृद्धि सभी की बढ़ती,
     त्याग तपस्या बलिदानों का,
     फल सोना उगलेगी धरती।
     यही खेत असली स्वरूप होते बसन्त के।
    पुण्य पर्व पर लिखित पत्र यह,
    कहीं भूल से प्रेम पत्र तुम समझ न लेना,
   या गलती से बासन्ती रंग के कागज को,                        
   राजनीत दल के प्रचार का ,
   साधन मात्र मान मत लेना,
   यह रंग तो प्रतीक है सुख का,
   जो सन्देश दे रहा जग को,
   सबका जीवन मंगलमय हो।
   सबका जीवन मंगलमय हो।


दोहे

 चित्र राम का मन बसे, होगा हर्ष अपार,
                 सिया राम  की छवि रहे, होगा बेड़ा पार l
राम कथा अमृत कथा, विष को करती दूर,
विषय वासना हट सके, यश मिलता भरपूर l
                  राम कथा जिसने लिखी, लिया राम का नाम,
                  राम रंग  में  रंग गया, माया का क्या काम l
सुना राम  का नाम है, वे  तो बहुत कृपालु,
भज मन सीताराम को, सच  में राम दयालु l
 

Wednesday, 24 July 2019

लघु कथा


  लघु कथा
ऐ.के.जोहरी को इनकमटेक्स आफिसमें प्रेक्टिस करते हुये अभी एक वर्ष ही हुआ था,7,8 फाइलें थी उसी में सन्तोष था | ऐक दिन सुनने को मिला कि इन्कमटेक्स कमिश्नर की तबियत बहुत खराब है, ऐक सप्ताह से अधिक हो गया है बुखार ही नहीं उतर रहा है, नगर के बड़े बड़े वकील एंव सी. ऐ. फलों के टोकरे ले कर उन्हें देखने जा रहे थे, कोई कहता यहाँ नहीं पी.जी.आई. लखनऊ ले चलें मैं सब प्रबन्ध कर दूँगा, एक ने कहा देहली के अपोलो अस्पताल में मेरे रिश्तेदार डाक्टर हैं, ऐ.सी.फर्स्ट में आप लोगों के टिकट कराये देता हूँ, वहां एम्बूलेंस मँगा लेगें मैं भी आप लोगों के साथ चलूँगा | जोहरी ने सोचा मैं भी देख आऊं पर फलों का टोकरा पाँच सौ से कम में न बनता था, क्या करें फिर भी वह देखने पहुँच गया, अन्दर उनकी पत्नी के पास जा कर बोला “आंटी मैं परसों मेह्यर की देवी से प्रार्थना करने गया था, वहाँ पुजारी ने यह तावीज दिया है, इसे आप कमिश्नर साहब की तकिया के के नीचे रख दीजिये”| दवा का असर कहें या तावीज की करामात, अब कमिश्नर साहब का बुखार कम होने लगा और तीन दिन में बुखार सामान्य हो गया, एक सप्ताह में कमजोरी भी ठीक हो गई |                                           
 अब क्या था जोहरी साहब अगले एक वर्ष में बड़े बड़े वकीलों से
                                  भी आगे बढ़ गये थे |                                      
                         ( जिस दिन जोहरी तावीज दे कर आये उसी दिन एक    वकील ने  उनसे पूँछा (यार तुम तो रोज यहीं रहे फिर मेह्यर की देवी कब हो  आये, जोहरी ने कहा “क्या करता? मेरे पास फलों के टोकरेकी जुगाड़ तो थी नहीं, यहीं मानिक चौक से पाँच रुपया में तावीज खरीद कर दे आया था ) |  


Tuesday, 23 July 2019

लघु कथा

 लघु कथा
राकेश मल्टी नेशनल कम्पनी में एक्ज्युकेटिव हेड था, बड़ी कम्पनियों में काम बहुत का बोझ तो अधिक होता है, घर पर 8 साल के अपने लाडले अंकुर को कम ही समय दे पाता था | वह कई बार नगर के चिड़िया घर दिखाने के लिये कह चुका था, इस रविवार को उसने फिर कहा तो राकेश उसका आग्रह न टाल सका, उसने दिव्या (पत्नी) से कहा तो उसने यह कह कर मना कर दिया कि आज मेहरी नहीं आयेगी, घर की साफ सफाई मुझे ही करना पड़ेगी, आप ही अंकुर के साथ चले जाइये बहुत दिनों से कह रहा है, उसकी इच्छा पूरी हो जायेगी |
    चिड़िया घर में जानबरों, पक्षियों को दिखाते दिखाते दो घंटे से अधिक हो गये, दोनों थक गये  तो एक बेंच पर बैठ गये, सामने एक सेव बेचने वाला निकला तो राकेश ने अंकुर से सेव लाने के लिये कहा, अंकुर ने दो सेव खरीदे और वहीं खड़े खड़े दोनों सेव खाने लगा, राकेश यह देख कर सोचने लगा अरे यह क्या मैं व्यस्त रहता हूँ तो दिव्या को तो उसे शिष्टाचार, बड़ों के प्रति कर्तव्य आदि सिखाना चाहिए थे, वैसे दिव्या का स्वभाव ऐसा नहीं है कि उसने अंकुर को यह सब शिक्षा न दी हो, तो क्या जो घर में काम वाली आती है उसने ऐसा सिखाया हो, ऐसे ही विचार उसके मस्तिस्क में चल रहे थे कि अंकुर ने आ कर कहा “पापा जी यह सेव आपके लिये है, यह इस दूसरे सेव से अधिक मीठा है” मम्मी कहती हैं कि अपनों से बड़ों को अपनी की तुलना में अच्छी चीज भेंट करना चाहिए | राकेश की तन्द्रा टूटी और बोला “बेटा तुम ठीक कहते हो, मैं ही गलत सोच रहा था” ऐसी ही शिक्षा प्रगति का मार्ग खोलती है, बड़ों के प्रति आदर और सम्मान ही उसे आगे बढाता है | मुझे तुम पर गर्व है कि तुमने मम्मी की शिक्षा को आत्मसात किया” अब चलो घर चलें बाकी फिर मम्मी के साथ किसी रविवार को आकर देखेंगे |   
    

Sunday, 21 July 2019

लघु कथा


 लघु कथा
दीपाली की नियुक्ति सहायक अध्यापिका के रूप में नगर में हुई थी |उसका अध्यापन कक्ष दूसरी मन्जिल पर था और वह सीढियाँ चढ़ रही थी किउसकी द्रष्टि नीचे की ओर गई, ऐक पोलियो ग्रस्त बालक वाकर की सहायता से सीढियाँ चढ़ रहा है तो उसने सोचा वह गिर न पड़े इसलिये वह सीढियाँ उतर कर उसके पास आ गई,उसका हाथ पकड़ कर सहारा दिया और कहा “ घवड़ाओ नहीं मैं तुम्हारी टीचर हूँ,तुम्हें सहारा दे कर ऊपर  ले चलती हूँ”, वह बालक ऐक तो मौन रहा फिर बोला “मेडम! मैंने तो आपसे कोई सहायता नहीं मांगी है” वह बोली “अच्छा यह बात है तो क्या मैं तुम्हारी मित्र बन कर सहायता कर सकती हूँ” बालक बोला “मेरे पापा कहते हैं जिसको जिन्दगी के सामने सबसे अधिक चुनोतियाँ होती हैं, वही आगे तक जा सकता है” इसलिये मुझे बिना किसी की सहायता के अपनी चुनोतियों का सामना स्वयं करना चाहिए”, इससे आत्म विशवास बढ़ता है और सोच भी द्रढ़ होती है” दीपाली ने कहा  “आज मुझे तुमसे बहुत कुछ सीखने को मिला है” |
 “ लगन, परिश्रम, सतत साधना जो अपनाते हैं,
   सच मानो  तो  वही लक्ष्य को  छू  पाते हैं”
आगे बढो और सीढियाँ स्वयं चढो, तभी उच्च शिखर पर पहुँच सकोगे, मेरी शुभ कामनाएं तुम्हारे साथ हैं |


Saturday, 6 April 2019

मतदान पर और दोहे,


 हो स्वतन्त्र,निष्पक्ष तो, सफल रहे अभियान,
                मन देना  अनिवार्य  है, तभी  रहेगा  मान.
वोट डालने  से  यहाँ, बनती  है  सरकार,
चुन कर भेझें हम उन्हें,गुणी योग्य दमदार.
                मतदाता जाग्रत अगर, सुद्दढ बने सरकार,
                उदासीन हम  हो गये, होगा कष्ट अपार.
भृष्टाचारी यदि चुनें, तो बिगड़ेगा काम,
सालों तक  हम रोंयगे, वे  जोड़ेंगे दाम.
                 ऐसी हो  जन भावना, जाएँ  अच्छे  लोग,
                 जन प्रतिनिधि समझें हमें,तो होगा उपयोग.


भले लोग यदि घर रहें, तो चुनाव बेकार,
आगे बढ़ कर हम चलें, समझें करें विचार.
             सर्दी, गर्मी, छोड़ कर, आगे आयें लोग,
             अच्छे लोगों को चुनें, तो होगा उपयोग.
घर पर  हम बैठें  रहें, रोयें  पाँचों साल,
पछताना हम को पड़े, तोड़ें हम यह जाल.
              राजनीति अब दे  रही, केवल  यह संदेश,
              समय देख कर आप भी, बदलें अपना वेश.
कुछ चुनाव को जीतते,घर घर बाँटें नोट,
चरण वन्दना तक करें, तब पाते वे वोट.
              कुछ का धन्धा चमकता, कुछ हो जाते फेल,
              अपना अपना भाग्य है, कुछ विधना का खेल.
राजनीति के खेल में, स्वयं करो अनुमान,
कितना इसमें नफा है, कितना है नुकसान.
               जनता तुमसे है बड़ी, समझो तो सम्मान,
               अगर अहं जागा कभी, मानो  झूठी शान.
जनता के दुख दर्द को, जिसने समझा आज,
समाधान यदि  ढूढ़  लें, पहिना उसने  ताज.

                               विक्रम सम्वत साल का, प्रथम दिवस है आज,
              श्री गणेश  का  नाम ले,  करें सभी शुभ काज |