Wednesday, 11 December 2019

जग में दो दिन का यह नाता


जग में,दो दिन का यह नाता,
प्राणी,क्यों मन को भरमाता l
        जब तक साँस चले जीवन की,
        तब तक आस रहे इस तन की,
               तब तक साथ निभाता,
            प्राणी,क्यों मन को भरमाता l
बन्धु, सखा सब यहीं रहेंगे,
भार्या संग सब यहीं जियेंगे l
                 पुत्र न संग में जाता,
           जग में,दो दिन का यह नाता l 
जब तक इस शरीर में बल है,
नाता तब तक  ही  केवल है,
                  कोई न फिर सहलाता l
इस शरीर की सुन्दर काया,
मृग मरीचका सी यह माया,
                  धू धू कर जल जाता,
             प्राणी,क्यों मन को भरमाता l

माया, ममता छोड़ो प्राणी,
केवल प्रभु ही हैं कल्याणी,
                 वह ही सबका दाता,
          प्राणी, क्यों मन को भरमाता l
जैसी करनी, वैसी भरनी,
पार करे वह  ही वैतरणी,
                    सदा सत्य जो गाता,
जिस दिन प्राण निकल जायेंगे,
साथी संग न चल पायेंगे,
               मरघट तक पहुंचाता l
               कोई संग  न  जाता l
जग में दो दिन का यह नाता.
प्राणी, क्यों मन को भरमाता l

Thursday, 5 December 2019

सोच रहा क्या मन में


पिंजरा तो खाली करना है, रहता किस उलझन में,                                                                                      
                 प्राणी, सोच रहा क्या मन में l
विखर जांयगे फूल  सभी जो, महक रहे उपवन में,
पंछी कहता उड़ो यहाँ  से, क्यों  रहता  बन्धन में,
                  प्राणी, सोच रहा क्या मन में l
व्याकुल हो यह  ही कहता है, क्या  है मैले तन में,
अगले पल की खबर नहीं  है, चला जायगा क्षण में,
                   प्राणी, सोच रहा क्या मन में l
कौन देख पाया है कल को, व्याप्त वही कण कण में,
आस दूसरे की  क्या  करना, खुद  देखो  दर्पण  में,
                    प्राणी, सोच रहा क्या मन में l
जाने  की  बारी  जब आई, लिप्सा क्यों  है  धन में,
अब  भी  समय सोच ले प्राणी, रहना  नहीं चमन में,
                     प्राणी, सोच रहा क्या मन में l
समय  बीत  जायेगा  तब  फिर, पछताये  जीवन  में,
चार दिनों  का  समय मिला था, गँवा दिया अनबन में,
                      प्राणी, सोच रहा क्या मन में l

Friday, 29 November 2019

प्रति फल,


कंटक मग पर बहती सरिता सबको निर्मल जल मिलताहैं 
पत्थर चोट सहे पर फिर भी हमें वृक्ष  से फल मिलता हैं 
जो पर हित में रहते तत्पर .उनका ही भविष्य  उज्वल हैं 
भला करो तो लाभ मिलेगा ,इसका फल प्रति पल मिलता हैं

Saturday, 23 November 2019

जुगुनू जैसा है प्रकाश बस,


जुगनू जैसा है प्रकाश बस,
मिटा न तिल भर भी अँधियारा ,
गर्व बढाया मन में इतना,
सूरज को तुमने ललकारा।
        यह गर्वोक्ति न ले लो मन में,
        तुम्हीं बड़े हो सारे जग में,
        यहाँ किसी ने भी नापी थी,
        सारी धरती को इक पग में।
इसीलिये तुमसे कहता हूँ,
बाँट सको बाँटो उजयारा।
         अंहकार ही था रावण को,
         स्वर्ग नसेनी लगवाउगा,
         मैं त्रैलोक्य जीत कर पल में,
         विजय पताका फहराउगा।
वह रावण भी नहीं रह सका,     
सागर तो अब भी है खारा।
           बहुत बड़ा हूँ सागर ने जब,
           अंहकार मन में उपजाया,
           ऋषि अगस्त ने एक घूँट में,
           सोख लिया, उसको समझाया।
          
जग में ऐसे बहुत लोग हैं ,
जिनने बदली युग की धारा।    
           मृत्यु जीतने के ही भ्रम में,
           छै पुत्रों को जिसने मारे,
           नहीं सफल हो पाया फिर भी,
           वह विपत्ति को कैसे टारे।
नहीं कंस रह पाया जग में,
और कृष्ण ने उसे पछाड़ा।
            परोपकार का भाव रहे तो,
            हो जाये ज्योर्तिमय यह जग,
            अंधकार हो दूर जगत से,
            रहे प्रकाशित अब सारा जग।
सूरज ने तम को हरने हित,
जलना ही उसने स्वीकारा।
इसीलिये तुमसे कहता हूँ
बाँट सको बांटो उजयारा |

Wednesday, 20 November 2019

बड़ों से जुडो

 अगर चाहते  प्रगति, बड़ों से  खुद  को जोड़ो,
  काम आज का आज, नहीं कल पर तुम छोडो |
  पूरा  जीवन  पड़ा  हुआ  है, कल   कर लेंगे,
  यही  भाव   रोड़ा  बनता  है,  उसको  मोड़ो |
बारम्बार प्रयास करो  तो, मिले  सफलता,
चिंता और निराशा  छोडो, गई  विफलता.
असफलता से विमुख न हो,संघर्ष करो तुम,
जब अवसर अनकूल,प्रगति पर जीवन चलता |
 

Sunday, 17 November 2019


            बाल दिवस
कोई राही बालक मुझको,
भीख माँगता मिल जाता था,
मैं बस उसको पास बुला कर,
इसी बात को समझाता था,
भीख माँगना बुरी बात है,
श्रम जीवी बन कर तो देखो,
मेहनत के बल जीना सीखो |
         ____
बाल दिवस, गोष्ठी आयोजित,
“रोको बालक श्रम” शीर्षक है |
अगर राह में कोई बालक,
श्रम करता ही दिख जायेगा,
उससे मैं अब क्या कह पाऊँ?
बालक छोडो तुम इस श्रम को,
जाओ  अब  स्कूल पास में,
यही उम्र तो पढने की है |
      _____
भरे गले से वह कहता है,
बूढ़ी माँ बीमार हमारी,
उसे समय से मिले दवाई,
तो श्रम अब अनिवार्य मुझे है,
घर पर छोटी बहिन अभी है,
तीनों को रोटी खाना है,
मजबूरी, श्रम तो करना है |
तुम्हीं बताओ, मैं कैसे अब,
चला जाऊं स्कूल, छोड़ कर-
माँ को और बहिन को,बोलो-
जा सकता स्कूल, बताओ ?
बाल दिवस प्रति वर्ष आयगा,
बस प्रश्नों को छोड़ जायगा |

Friday, 8 November 2019

गजल


राम नामी ओढ़ कर, मैं ठग रहा होता जगत को,         
किन्तु मानव धर्म से  ही, हारता हरदम रहा बस l
              चाहता तो यह सफर मैं, पार कर लेता मजे से,
              गैर की  ही  रहनुमाई, ढूढ़ता हरदम  रहा बस l
मन्च के सम्मान सब मैं, प्राप्त कर लेता सहज ही,
चाटुकारों  से  हमारा, फासला  हरदम  रहा  बस l
              लूटता  मैं  आबरू,  झूठे  दिलासों  के  सहारे,
              किन्तु जो अन्तस् में बैठा, रोकता हरदम रहा बस l
आतंक का साया बना कर, चाहता यश कीर्ति पाना,
भाई चारा  प्रेम  ही, पुचकारता  हरदम  रहा  बस l
              स्वार्थ का सम्बल लिये मैं, पहुँच जाता बहुत ऊपर,
              स्वाभिमानी मन मेरा, धिक्कारता हरदम  रहा बस l
जो लुभाये मन्च को, सच वह कला मैं जानता था,
किन्तु अन्तरद्वन्द ही, दुतकारता हरदम रहा बस l
              झूठ के पेबन्द  से, सच  को छिपाना चाहता था,
              किन्तु अन्तर्मन मेरा, झकझोरता हरदम रहा बस l

Friday, 1 November 2019

सभी जगह हैं राम,

                 सारा जग  है  राममय, सभी जगह हैं राम,
                मन निर्मल यदि आपका, तो बसते अभिराम l
चलते फिरते भी भजो, मन ही मन श्री राम,
बिगड़ेगा कुछ  भी  नहीं, बन जाते  हैं काम l
                 चित्र राम का मन बसे, होगा हर्ष अपार,
                 सिया राम  की छवि रहे, होगा बेड़ा पार l
राम कथा अमृत कथा, विष को करती दूर,
विषय वासना हट सके, यश मिलता भरपूर l
 

Thursday, 31 October 2019

लघु कथा

लघु कथा
राकेश मल्टी नेशनल कम्पनी में एक्ज्युकेटिव हेड था, बड़ी कम्पनियों में काम का बोझ तो अधिक होता है, घर पर 8 साल के अपने लाडले अंकुर को कम ही समय दे पाता था | वह कई बार चिड़िया घर दिखाने के लिये कह चुका था, इस रविवार को उसने फिर कहा तो राकेश उसका आग्रह न टाल सका, उसने दिव्या (पत्नी) से कहा तो उसने यह कह कर मना कर दिया कि आज मेहरी नहीं आयेगी, घर की साफ सफाई मुझे ही करना पड़ेगी, आप ही अंकुर के साथ चले जाइये बहुत दिनों से कह रहा है, उसकी इच्छा पूरी हो जायेगी |
    चिड़िया घर में जानवरों, पक्षियों को दिखाते दिखाते दो घंटे से अधिक हो गये, दोनों थक गये  तो एक बेंच पर बैठ गये, सामने एक सेव बेचने वाला निकला तो राकेश ने अंकुर से सेव लाने के लिये कहा, अंकुर ने दो सेव खरीदे और वहीं खड़े खड़े दोनों सेव खाने लगा, राकेश यह देख कर सोचने लगा अरे यह क्या मैं व्यस्त रहता हूँ तो दिव्या को तो उसे शिष्टाचार, बड़ों के प्रति कर्तव्य आदि सिखाना चाहिए थे, वैसे दिव्या का स्वभाव ऐसा नहीं है कि उसने अंकुर को यह सब शिक्षा न दी हो, तो क्या जो घर में काम वाली आती है क्या उसने ऐसा सिखाया, ऐसे ही विचार उसके मस्तिस्क में चल रहे थे कि अंकुर ने आ कर कहा “पापा जी यह सेव आपके लिये है, यह इस दूसरे सेव से अधिक मीठा है” मम्मी कहती हैं कि अपनों से बड़ों को अपनी तुलना में अच्छी चीज भेंट करना चाहिए | राकेश की तन्द्रा टूटी और बोला “बेटा तुम ठीक कहते हो, मैं ही गलत सोच रहा था” ऐसी ही शिक्षा प्रगति का मार्ग खोलती है, बड़ों के प्रति आदर और सम्मान ही उसे आगे बढाता है | मुझे तुम पर गर्व है कि तुमने मम्मी की शिक्षा को आत्मसात किया” अब चलो घर चलें बाकी फिर मम्मी के साथ किसी रविवार को आकर देखेंगे |   
    

Tuesday, 29 October 2019

समीक्षा


       पढ़ कर,गुन कर, गुण दोषों की करें समीक्षा,
        समय पड़े  पर  आवश्यक  उत्तीर्ण परीक्षा,
       लेकिन इतना  धीरज  रक्खें शांत  भाव से,
        फल पाने को करना  पड़ती  सदा प्रतीक्षा l                                                                                                                                                             


Saturday, 26 October 2019

दीपावली की शुभ कामनाएं


 दीपावली की शुभ कामनायें
बना कर देह का दीपक,
जलाओ स्नेह की बाती,
मिटे मन का अँधेरा भी,
प्रकाशित हो  धरा सारी|
     दिवाली रोज  मन जाये,
     बढ़े धन धान्य जीवन में,
     प्रभुल्लित आप  रह पायें,
     यही शुभकामना मन की |
हमें  सद  बुद्धि  ऐसी दें,
करें   उपकार  जीवन  में,
बढ़ें हम सब प्रगति पथ पर,
यही  है  चाह  जीवन  की |
       निरोगी आप तन मन से,
       करें  निस्वार्थ  सेवा  भी,
       रहूँ  स्मृति पटल  पर मैं,
       यही  है  प्रार्थना  सब से |
         यही है प्रार्थना मेरी |


 दीपावली की शुभ कामनायें
बना कर देह का दीपक,
जलाओ स्नेह की बाती,
मिटे मन का अँधेरा भी,
प्रकाशित हो  धरा सारी|
     दिवाली रोज  मन जाये,
     बढ़े धन धान्य जीवन में,
     प्रभुल्लित आप  रह पायें,
     यही शुभकामना मन की |
हमें  सद  बुद्धि  ऐसी दें,
करें   उपकार  जीवन  में,
बढ़ें हम सब प्रगति पथ पर,
यही  है  चाह  जीवन  की |
       निरोगी आप तन मन से,
       करें  निस्वार्थ  सेवा  भी,
       रहूँ  स्मृति पटल  पर मैं,
       यही  है  प्रार्थना  सब से |
         यही है प्रार्थना मेरी |



Thursday, 24 October 2019

जीत


तन सुखी रहता सदा जग रीत से,
मन सुखी जो हार बदले जीत में,
है लड़ाई आज भी, जग में यहाँ,
लड़ सकें कैसे यहाँ अन रीत से l
               

Tuesday, 22 October 2019

वही मित्र हो,


केवल तन ही नहीं आपका मन पवित्र हो,
आत्म नियंत्रण, परोपकार उत्तम चरित्र हो,
सुख के साथी नहीं दुःख में साथ निभायें
बस जिनके आचरण श्रेष्ठ हों वही मित्र हो

जग प्रकाशित है सदा आदित्य से,
हम प्रगति करते सदा सानिध्य से,
कोई  माने, या  न  माने  सत्य  है,
देश जाग्रत  है  सदा  साहित्य  से l

Friday, 18 October 2019

हार न मानो,


सदा सफलता चरण चूमती, हार न मानो,
सम्बन्धों को जीवन में व्योपार न मानो.
चरैवेति ही जीवन का सिध्दान्त सदा से,
कठिन परिश्रम को जीवन में भार न मानो |
           तुम करो मेहनत अभी से, लक्ष्य हो परहित तुम्हारा,
           देश  की  हो  सहज  सेवा, धर्म  होता  है  हमारा |
           एक जुट हो  कर  करेंगे, फल तभी  हमको मिलेगा,
           है  यही  उद्देश्य  सबका, हो  प्रगति  ढूंढें किनारा |

Thursday, 17 October 2019

सत्य क्या है,


सत्य क्या है, झूठ  का पृष्ठावरण,
कर्म है जब स्वार्थ का ही आचरण.
लोभ  ने  अपना बढाया कद यहाँ,
क्रोध का  क्या कर सकेंगे संवरण.

धर्म  ओढ़े  ढोंग का  ही  आवरण,
अर्थ है  साक्षात कलि का  अवतरण.
मोक्ष को तुमही बतादो क्या कहें हम,
काम का जब  कर रहे हम अनुशरण.