Sunday, 3 March 2019

श्रृद्धांजलि

 है नमन उनको कि जिनकी, वीरता ही खुद  कहानी,
देश हित में  प्राण दे कर, होम  दी  अपनी जवानी |
         कर्ज भारत भूमि का है, प्रथम मैं पूरा करूंगा,
         माँ वचन मेरा तुम्हें, मैं लौट कर शादी रचूंगा |
पर निकट  उत्सर्ग मेरा, पुत्र तेरा  स्वाभिमानी,
माँ मुझे तुम क्षमा करना, जा रही है यह निशानी |
         पापा वचन “सौ मार कर, होना निछावर देश पर,
         याद  है,  मारे हजारों, कप्तान के  आदेश  पर |
किन्तु घायल हो गया हूँ, हो रही है अब र वानी,
कष्ट मुझको है नहीं अब, नींद  आयेगी सुहानी |
         कह के आया, आऊँगा, इस  वर्ष  सावन  में,
         सूनी कलाई जा रहा, दृढ संकल्प ले  मन में |
देश सर्वोपरि हमारा, फर्ज की कीमत चुकानी,
अब मुझे होना निछावर, वीरता मुझको दिखानी |
         कर्म पथ पर बढ़ चले जो, याद उनकी आज घर घर,
         जब जरूरत आ  पड़ी तो, वे  गये आदेश  पा कर  |
सुमन श्रृद्धान्जलि समर्पित, मूक होती आज वाणी,
देश पर होंगे निछावर, बस यही अब कसम खानी |
देश हित में प्राण दे कर, होम दी  अपनी जवानी,
है नमन उनको कि जिनकी, वीरता ही खुद कहानी |

Tuesday, 19 February 2019

चेतावनी


      नंगे, भूखे, झूठे, हो तुम, तुमको  धूल चटाना है,
   तवारीख के  पन्नों से बस, तेरा  नाम हटाना है |
   पूरा विश्व थूंकता तुमपर, पुलवामा का हस्र देखना,
   अब तो जंग जरूरी है  बस, पाकिस्तान मिटाना है |


Thursday, 14 February 2019

बेलेन्टाइन डे


   बेलेन्टाइन डे

बेलेन्टाइन डे  मना, हो  गई  उनसे  भूल,
एक अपरचित को दिया, बस गुलाब का फूल |
            उनसे बोली वह प्रिये, बैठो मेरे पास,
            बेलेन्टाइन डे रहा, होना है कुछ ख़ास |
चलो चलें होटल प्रिये , बैठेंगे एकान्त,
बातें होंगी प्यार की, मन भी होगा शांत |
            नोट हजारा  चढ़ गया, बस  उसके  ही नाम,
            क्या करता वह विवश था, उसका काम तमाम |
घर आ कर वह सोचता, कहां हुई वह भूल,
क्यों मैंने उसको दिया, वह गुलाब का फूल |
             यद्यपि बिगड़ा था बजट, किन्तु फरवरी मास,
              दो दिन कम थे मास में, अब होता आभास |
मार्च अगर होता कहीं, तो उड़ जाते होश,
तंगी रहती तीन दिन, ठंडा  होता  जोश |


Wednesday, 6 February 2019

मतदान


कितनी भी कठनाई  हो, मिले नहीं आराम,
चुनना प्रतिनिधि है हमें, लें धीरज से काम.
                 बार बार समझा रहे, यह पुनीत  है काम,
                 हम विवेक से काम लें, होगा जग में नाम.
कोई भाषी  हम  रहें, ऐक  समूचा देश,
बिना प्रलोभन से करें,लोभ नहीं लवलेश.
                हम भारत के नागरिक, लोकतन्त्र पहिचान,
                आस्था रक्खें हम सभी, अपना बना विधान.
इसीलिये  समझा रहे, रक्खें  बुद्धि, विवेक,
सोच समझ कर वोट दें, जो चरित्र से नेक.
                हो स्वतन्त्र,निष्पक्ष तो, सफल रहे अभियान,
                मन देना  अनिवार्य  है, तभी  रहेगा  मान.
वोट डालने  से  यहाँ, बनती  है  सरकार,
चुन कर भेझें हम उन्हें,गुणी योग्य दमदार.
                मतदाता जाग्रत अगर, सुद्दढ बने सरकार,
                उदासीन हम  हो गये, होगा कष्ट अपार.
भृष्टाचारी यदि चुनें, तो बिगड़ेगा काम,
सालों तक  हम रोंयगे, वे  जोड़ेंगे दाम.
                 ऐसी हो  जन भावना, जाएँ  अच्छे  लोग,
                 जन प्रतिनिधि समझें हमें,तो होगा उपयोग.


Sunday, 3 February 2019

मतदान


  “मतदान”
मतदाता यह जान लें, आवश्यक मतदान,
प्रजातन्त्र रक्षित  रहे, बने  यही पहिचान.
             जाग्रत करना सभी को, तब होगा कल्याण,
             निर्णय लेना है  यही, रखना  उसका मान.
है चुनाव आयोग की, सबसे यही अपील,
वोट यहाँ बहुमूल्य है, कोई  नहीं दलील.
              भारत में इस वोट से, बनती है सरकार,
              सोचें समझें हम सभी, तो  होगा उद्धार.
जनता ही चुनती यहाँ, जनता की सरकार,
जनता जिम्मेदार  है, चुनना  है अधिकार.
               धर्म, जाति को छोड़ कर, हो कर हम निर्भीक,
               वर्गवाद, भाषा  नहीं,  छोड़े   सारी    लीक.
निर्वाचन में हम करें, शान्ति पूर्ण मतदान,
गरिमा अक्षणु देश की, परम्परा को मान.
               करना है  मतदान को, छोड़  जरूरी काम.
               यह भी आवश्यक बहुत, लोकतन्त्र के नाम.
कितनी भी कठनाई  हो, मिले नहीं आराम,
चुनना प्रतिनिधि है हमें, लें धीरज से काम.
                 बार बार समझा रहे, यह पुनीत  है काम,
                 हम विवेक से काम लें, होगा जग में नाम.
कोई भाषी  हम  रहें, ऐक  समूचा देश,
बिना प्रलोभन से करें,लोभ नहीं लवलेश.

Wednesday, 23 January 2019

जीवन के तीन रूप


चटकीले, भड़कीले  रंग  को  ही तुम भरते,
उषा काल में, तुम प्रसन्न होकर क्या करते ?
           आज शिशु का जन्म, कृपा की है ईश्वर ने,
           सतरंगी  बौछार  यहाँ  भर  दी  निर्झर ने,
           रंग बिरंगे, चटकीले रंग  को  ही  भर  कर,
           झंगला और लँगोटी बुन  कर  दी बुनकर ने l
स्नेह और अनुराग तुम्हीं वस्त्रों  में भरते,
बेला गौ धूली की फिर भी क्या तुम करते ?
            शहनाई  बज  रही, हर्ष  भी  लगा ठहरने,
            किया कमल को आलिंगन,गुंजन मधुकर ने,
            प्रणय सूत्र  में  बांधे जो शादी  का  जोड़ा,
            घूँघट सा  बुनकर के, आज दिया बुनकर ने l
जीवन के ही विविध रंगों को क्या तुम भरते,
सारी रात जाग कर बुनकर क्या तुम  करते ?
            आज रुदन स्वर यहाँ निकाला देखो घर ने,
            तोड़  दिए सारे बन्धन  इस तन  जर्जर ने,
            शोक व्याप्त है, इष्ट मित्र, परिवार जनों में,
            श्वेत कफन की चादर बुन कर दी बुनकर ने l


Monday, 7 January 2019


अंधे  देखें  कृपा से, मूक  बनें  वाचाल,
राम कृपा से पंगु भी,गिरिवर चढ़ें विशाल l

Saturday, 5 January 2019

चिकित्सीय परीक्षण आयुर्वेदिक पद्धति से एवं लाभकारी चिकित्सा

चिकित्सीय परीक्षण आयुर्वेदिक पद्धति से एवं लाभकारी चिकित्सा के सम्बंध में परामर्श करें।

परामर्श चिकित्सक

डा. हरिमोहन गुप्त (A;M.B.S.)
सागर चौकी के सामने कोंच (जालौन)  285205

परामर्श शुल्क - 250 रूपया
अनुभव - 60 वर्ष 
समय- सुबह 9 से 12 बजे तक


Thursday, 27 December 2018

कठिन परिश्रम


       सदा सफलता चरण चूमती, हार न मानो,
       सम्बन्धों को जीवन में व्योपार न मानो.
         चरैवेति ही जीवन का सिध्दान्त सदा से,
         कठिन परिश्रम को जीवन में भार न मानो.


Tuesday, 25 December 2018

सत्य निकालें बाहर


 सत्य छिपा है जो शास्त्रों  में, उसे निकालें बाहर,
और मठों  की  दीवालों  से, उसे  हटायें  जाकर l
सम्प्रदाय जो इस पर बस, अधिकार मानते अपना,
 हमे छीन  कर उनसे लाना, करना हमें  उजागर l

Sunday, 23 December 2018

सम्मान


भावना में ही निहित भगवान् है , ज़िन्दगी का साथ ही सहगान है l  
दर्द बांटे दींन  हीनों का कोई , तब  कहीं मिलता उसे  सम्मान है l

Friday, 14 December 2018

भज लो सीताराम

                  मधुरस बरसेगा स्वयम, जब बोलोगे राम,
                  वाणी में लालित्य  हो, भजलो  सीताराम l
उलझा प्राणी मोह में, जीवन है संग्राम,
वही जीत पाया इसे, जो भजते हैं राम l
 

Tuesday, 11 December 2018

भला करो तो लाभ मिलेगा


कंटक मग पर बहती सरिता सबको निर्मल जल मिलताहैं 
पत्थर चोट सहे पर फिर भी हमे वृक्ष  से फल मिलता हैं 
जो पर हित में रहते तत्पर .उनका ही भविष्य उज्वल हैं 
भला करो तो लाभ मिलेगा ,इसका फल प्रति पल मिलता हैं

Monday, 3 December 2018

जीवन सदा शद्ध होता है,


स्नान मात्र से तो केवल, नर तन सदा शुद्ध होता है,
जो भी दान करे जीवन में, तो धन सदा शुद्ध होता है l
जिसमें आई सहनशीलता, तो मन सदा शुद्ध होता है,
जो रखता ईमान साथ में, जीवन सदा शुद्ध होता है l

Wednesday, 28 November 2018

माँ


  माँ
मेरी ममता मयी मातु, तुमको प्रणाम है,
धरा धाम में, जग में ऊँचा धन्य नाम है l
              गीले में सो कर, सूखे में मुझे सुलाया,
              धूप शीत से बचने को आंचल फैलाया l
              लोरी गा कर, मेरे मन को नई बहलाया,
              कैसे बीत गया बचपन मैं जान न पाया l
निशि वासर सेवा करना ही सदा काम है,
ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है l \
               तुमने तो कर्तव्य सहज ही सदा निभाया,
               अधिकारों का क्या प्रयोग, इसको विसराया l
               सीमित इच्छाओं में रह कर मन समझाया,
                सबके सुख का ध्यान रखा, उसमें सुख पाया l
अबलम्बन बस सदा ऐक ही रहा राम है,
ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है l
                 सुख समृद्धि परिवार जनों की हो मन भाया,
                 व्रत उपवास किये जीवन भर,प्रभु गुण गाया l
                 मेरे हित जप, तप, कीर्तन ही सदा सुहाया,
                  अमृत बाँटा और गरल ही गले लगाया l
नित्य भजन, पूजन का क्रम ही सुबह शाम है
ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है l
                  बैठ जिस महफिल में उसमें रंग जमाया,
                  राम नाम का,विविध रंग में भजन सुनाया l
                  राम कथा गा,गाकर सबको यह समझाया ,
                  बृह्म सत्य है, और जगत है मिथ्या माया l
मन्दिर की चौखट से नाता अष्ट याम है,
ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है l
                   छोड़ चली तुम मुझे, गला मेरा भर आया,
                   पुनर्जन्म में मुझे मिले बस तेरी छाया l
                    सब कुछ दे कर मुझे,जली धू धूकर काया,
                   माँ की काया को मुखाग्नि ही मैं दे पाया l
माँ तेरे बिन सूना मुझको धरा धाम है,
ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है l
                     अम्ब !आपके आदर्शो को मैं अपनाता,
                     कर्तव्यों प्रति रहूँ समर्पित यह मन भाता l
                     यही माँगता प्रभु से अक्षणु रखना नाता,
                     श्रृद्धा सुमन सदा चरणों में रहूँ चढाता l
सीख स्वर्ग देती रहना,यह गुलाम है,ऐसी ममता मयी मातु तुमको प्रणाम है

Friday, 16 November 2018

सत्साहित्य सदा कवि लिखता,


सत्साहित्य सदा कवि लिखता, चाटुकारिता नहीं धर्म है,
वह उपदेशक है समाज का, सच में उसका यही कर्म है l
परिवर्तन लाना  समाज  में, स्वाभाविक बाधाएँ  आयें,
कार्य कुशलता के ही कारण, सम्मानित है, यही मर्म है l

Wednesday, 14 November 2018

अच्छा देखें आप,


सब बुराई ही खोजते, अच्छा देखें आप,
उसका प्रतिफल देखिये, पड़े अनूठी छाप |
          जब बुराई हम देखते,मन में हो संताप,
           अच्छाई तो  देखिये, बड़े  बनेगें  आप |
रकम मिले यदि चेक से, करो चेक भुगतान,
नगद पाई है यदि रकम, लौटा दो धर ध्यान |    

Monday, 12 November 2018

मिले सफलता,


बारम्बार प्रयास करो  तो, मिले  सफलता,
चिंता और निराशा  छोडो, गई  विफलता.
असफलता से विमुख न हो,संघर्ष करो तुम,
जब अवसर अनकूल,प्रगति पर जीवन चलता |

Tuesday, 6 November 2018

शुभ कामना दीपावली

बना कर देह का दीपक,
जलाओ स्नेह की बाती,
मिटे मन का अँधेरा भी,
प्रकाशित हो धरा सारी |
         दिवाली रोज मन जाये,
         विनय है ईश से मेरी,
         प्रभुल्लित आप रह पायें,
         यही शुभ कामना मेरी |

Thursday, 1 November 2018


उलझा प्राणी मोह में, जीवन है संग्राम,
वही जीत पाया इसे, जो भजते हैं राम l
                  राह  कटीली  बहुत है, पग पग पर अवरोध,
                राम भजन से सुगम है,  यह मेरा अनुरोध l